Home छत्तीसगढ़ एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-आंदोलन बनाने कलेक्टर की अपील

एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-आंदोलन बनाने कलेक्टर की अपील

1 जुलाई से जिले के सभी विद्यालयों में होगा वृहद वृक्षारोपण, लगभग 22 हजार पौधों का होगा रोपण

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों, पत्रकार साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों, जागरूक नागरिकों एवं सभी शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों से ष्एक पेड़ माँ के नामष् अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की है। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 1 जुलाई से जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में एक साथ वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अभियान में जिले के स्कूली बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जियो-टैगिंग के माध्यम से लगभग 22 हजार पौधों का रोपण करेंगे। अभियान के अंतर्गत मुनगा, अमरूद, कैथा, पपीता, गुलमोहर, नीम, इमली, सीताफल, जामुन, महुआ एवं आंवला सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि बच्चों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा हरित भविष्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, ग्राम पंचायत सचिवों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पौधारोपण करने का आग्रह करते हुए कहा है कि प्रत्येक लगाए गए पौधे का फोटो लेकर उसकी जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि अभियान की पारदर्शी मॉनिटरिंग के साथ पौधारोपण का डिजिटल अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित हो सके।